नई दिल्ली
UKPSC PCS Result 2024: उत्तराखंड पीसीएस का फाइनल रिजल्ट घोषित, बेटियों ने मारी बाजी
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने पीसीएस-2024 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। जसमीत कौर ने डिप्टी कलेक्टर पद पर टॉप किया है। पूरी चयन सूची यहां देखें।
देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS)-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा के परिणाम जारी होने के साथ ही उत्तराखंड को नौ नए डिप्टी कलेक्टर और कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी मिल गए हैं। इस बार के नतीजों की सबसे खास बात यह रही कि उत्तराखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष पदों पर अपना परचम लहराया है।
डिप्टी कलेक्टर (एसडीएम) पद की मेरिट सूची में जसमीत कौर ने पहला स्थान हासिल कर सफलता का नया इतिहास रचा है। वहीं इस प्रतिष्ठित पद के लिए वर्षा जोशी दूसरे स्थान पर रहीं। शीर्ष दोनों स्थानों पर महिलाओं का कब्जा इस परीक्षा की सबसे बड़ी और गौरवशाली उपलब्धियों में शुमार किया जा रहा है। आयोग ने मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सीय परीक्षण के कड़े दौर के बाद यह अंतिम चयन सूची जारी की है।

डिप्टी कलेक्टर पद पर जसमीत कौर और वर्षा जोशी के अलावा आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, वायरल शर्मा, उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी का चयन हुआ है। दूसरी ओर, पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) पद पर अदिति पुनेठा ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। पुलिस विभाग में इस पद के लिए ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद्र रमोला, संदीप कुमार सिंह पटेल, शताक्षी शर्मा, सक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी भी सफल घोषित किए गए हैं।
इस बार शिक्षा, वित्त और राज्य कर विभागों में सबसे अधिक नियुक्तियां दर्ज की गई हैं। परीक्षा के जरिए उप शिक्षा अधिकारी के 58, राज्य कर अधिकारी के 53, सहायक आयुक्त राज्य कर के 16 तथा वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 14 पदों पर अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। इसके अतिरिक्त जिला कमांडेंट होमगार्ड, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त और परिवीक्षा अधिकारी के महत्वपूर्ण पदों पर भी चयन किया गया है।
यूकेपीएससी के अनुसार, यह अंतिम परिणाम 27 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित किए गए साक्षात्कारों एवं अन्य जरूरी परीक्षणों के आधार पर पूरी पारदर्शिता के साथ तैयार किया गया है। परीक्षा में सफल हुए सभी अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। इस शानदार परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उत्तराखंड की बेटियां कठिन परिश्रम के बल पर प्रशासनिक सेवाओं में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
