Connect with us

देहरादून

उत्तराखंड आईटीआई एडमिशन 2026: ऑनलाइन आवेदन आज से शुरू, जानिए पूरी प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियां

Published

on

खबर शेयर करें 👉

Uttarakhand ITI Admission 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सोमवार से शुरू हो गए हैं। राज्य के 104 संस्थानों में प्रवेश के लिए 6 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।

देहरादून। उत्तराखंड के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश लेने के इच्छुक युवाओं के लिए बड़ी खबर है। व्यावसायिक शिक्षा परिषद उत्तराखंड की ओर से सोमवार से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी गई है। इस बार राज्यभर के कुल 104 आईटीआई संस्थानों में 80 से अधिक विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी ट्रेडों में छात्रों को प्रवेश का सुनहरा मौका मिलेगा। इस वर्ष भी सभी प्रवेश पूरी तरह से राज्यस्तरीय मेरिट के आधार पर किए जाएंगे।
परिषद द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, अभ्यर्थी आगामी छह जुलाई तक अपना ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकेंगे। इसके ठीक बाद सात जुलाई को राज्यस्तरीय मेरिट सूची घोषित कर दी जाएगी। मेरिट सूची जारी होने के बाद छात्र आठ जुलाई से पंद्रह जुलाई के बीच अपने पसंदीदा आईटीआई संस्थान और ट्रेड का ऑनलाइन विकल्प (चॉइस फिलिंग) भर सकेंगे। विभाग द्वारा 18 जुलाई को पहली काउंसलिंग के तहत सीटों और संस्थानों का आवंटन कर दिया जाएगा।
प्रथम काउंसलिंग में चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को 19 जुलाई से 26 जुलाई के बीच आवंटित संस्थान में पहुंचकर अपने दस्तावेज सत्यापित कराने होंगे और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रवेश के लिए छात्र विभाग की आधिकारिक वेबसाइटों www.vpputtarakhand.in और www.dsde.uk.gov.in पर जाकर लॉगइन कर सकते हैं। इसके अलावा, जो छात्र स्वयं फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं, वे किसी भी नजदीकी राजकीय आईटीआई में बनाए गए फैसिलिटेशन सेंटर (सुविधा केंद्र) की मदद ले सकते हैं। किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 7302663922 और 7302663907 भी जारी किए हैं।
आईटीआई कोर्स पूरा करने के बाद छात्रों को कई शानदार करियर अवसर और सुविधाएं मिलती हैं। सबसे बड़ा लाभ भारतीय सेना की अग्निवीर योजना में मिलता है, जहां आईटीआई पास युवाओं को 20 से 40 बोनस अंक दिए जाते हैं। इसके साथ ही, विभिन्न संस्थानों में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के माध्यम से आधुनिक तकनीकों के साथ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और कैंपस इंटरव्यू द्वारा देश के बड़े उद्योगों में सीधे नौकरी के अवसर मिलते हैं। इतना ही नहीं, आईटीआई करने के बाद छात्र पॉलिटेक्निक डिप्लोमा के सीधे द्वितीय वर्ष में लेटरल एंट्री के जरिए प्रवेश पा सकते हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement