उधमसिंह नगर
उत्तराखंड पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बरेली में मचा हड़कंप, देखिए वीडियो
300 पुलिसकर्मियों की रेड, 17 संदिग्ध हिरासत में
रुद्रपुर: उत्तराखंड पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार आधी रात को यूपी के बरेली जिले में धावा बोला। ऊधमसिंह नगर एसएसपी मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में 300 पुलिसकर्मियों ने बरेली के अगरास, फतेहगंज पश्चिमी और अन्य इलाकों में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 17 संदिग्धों को हिरासत में लिया और उन्हें पूछताछ के लिए पुलभट्टा थाने ले जाया गया।
10 दिन पहले बना था प्लान, गोपनीय रखा गया था ऑपरेशन
ऊधमसिंह नगर जिले में लगातार बढ़ रहे नशा तस्करी के मामलों के बाद एसएसपी मिश्रा ने इस ऑपरेशन की योजना बनाई थी। कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया, यहां तक कि जिले के अन्य आला अधिकारियों को भी इसकी सूचना नहीं दी गई। केवल संबंधित थाना प्रभारियों को ही ऑपरेशन से कुछ घंटे पहले जानकारी दी गई। रविवार रात आठ बजे एसएसपी ने ऑनलाइन मीटिंग कर पुलिस बल को निर्देश दिए और रात 11 बजे सभी पुलभट्टा थाने पर इकट्ठा हुए। ब्रीफिंग के बाद करीब दो बजे पुलिस टीम बरेली के लिए रवाना हुई।
बरेली में पुलिस रेड से मचा हड़कंप
उत्तराखंड पुलिस का भारी काफिला देख बरेली में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक साथ तीन स्थानों पर दबिश दी, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी फैल गई। इस दौरान स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी गई। पुलिस को तलाशी के दौरान कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला, लेकिन 17 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए उत्तराखंड ले जाया गया।
पूछताछ के बाद 15 को छोड़ा, एक आरोपी पर मामला दर्ज
पुलिस ने हिरासत में लिए गए 17 संदिग्धों से गहन पूछताछ की, जिसमें से 15 लोगों को संलिप्तता न पाए जाने पर छोड़ दिया गया। हालांकि, एक आरोपी आसिफ हुसैन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
बरेली पुलिस ने यूपी शासन को दी सूचना
उत्तराखंड पुलिस की इस कार्रवाई से यूपी पुलिस और प्रशासन भी सकते में आ गया। बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने इस रेड के बारे में जानकारी जुटाकर उत्तर प्रदेश शासन को अवगत कराया। स्थानीय पुलिस ने इस घटना की रिपोर्ट अपनी जीडी (जनरल डायरी) में भी दर्ज की।
छापेमारी को लेकर लोगों में आक्रोश
पुलिस रेड के दौरान कई घरों में तलाशी ली गई, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि इस दौरान घरों में हंगामा और तोड़फोड़ की गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह ऑपरेशन पूरी तरह नियमानुसार किया गया और नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए जरूरी था।
ड्रग माफियाओं के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया कि ऊधमसिंह नगर जिले में नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई करती रहेगी। इस ऑपरेशन से मिले सुरागों के आधार पर आगे भी रेड की जाएंगी और ड्रग तस्करों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
