Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में पानी का संकट: नए कनेक्शन पर रोक, टुल्लू पंप चलाने पर कटेगा कनेक्शन

हल्द्वानी में भीषण गर्मी और पेयजल संकट को देखते हुए डीएम ललित मोहन रयाल ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। पानी की बर्बादी और टुल्लू पंप के इस्तेमाल पर होगी सख्त कार्रवाई।

हल्द्वानी। लगातार बढ़ते तापमान और आगामी दिनों में भीषण गर्मी व लू (हीट वेव) की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शहर में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बेहद कड़े और दंडात्मक निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन द्वारा जारी किया गया यह विशेष आपातकालीन आदेश 25 मई 2026 से लेकर 20 जून 2026 तक अथवा राज्य में मानसून के आगमन होने तक (जो भी पहले हो) पूरी तरह प्रभावी रहेगा।
जिलाधिकारी द्वारा जारी सरकारी आदेशों के अनुसार, अब पूरे हल्द्वानी जनपद क्षेत्र में नए पेयजल संयोजनों (वाटर कनेक्शन) की स्वीकृति और उनके निर्गमन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही, बड़े और छोटे भवन निर्माण कार्यों के लिए पूर्व में स्वीकृत किए जा चुके सभी अस्थायी एवं निर्माणाधीन जल संयोजनों को भी प्रशासन ने तुरंत निरस्त कर दिया है। निर्माण कार्यों में पीने के पानी का इस्तेमाल पाए जाने पर भारी जुर्माने का भी प्रावधान किया गया है।

हल्द्वानी में पानी का संकट: नए कनेक्शन पर रोक, टुल्लू पंप चलाने पर कटेगा कनेक्शन


इस बार सबसे सख्त रुख पानी खींचने वाली मोटरों पर अपनाया गया है। मुख्य जल आपूर्ति लाइनों या किसी भी डोमेस्टिक सर्विस कनेक्शन में सीधे टुल्लू पम्प अथवा सक्शन पम्प लगाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यदि जल संस्थान या प्रशासन के निरीक्षण के दौरान किसी भी घर में ऐसा अवैध पंप चलता पाया गया, तो संबंधित पम्प को तुरंत जब्त कर लिया जाएगा और मौके पर ही पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके अलावा गाड़ियों को धोने और आंगन-फर्श की धुलाई में भी पेयजल के उपयोग पर पूरी तरह रोक है।
प्रशासन ने सरकारी अधिकारियों को भी जवाबदेह बनाया है। मुख्य और वितरण पेयजल पाइप लाइनों में किसी भी प्रकार का लीकेज या रिसाव पाए जाने पर संबंधित लाइनमैन और इंजीनियरों को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी भी इलाके में लंबे समय तक पेयजल लाइन से पानी बहता हुआ मिला, तो संबंधित क्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ तत्काल कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन ने सभी विभागों और आम जनता से इन नियमों का कड़ाई से पालन करने का अनुरोध किया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›