Report by : CWN Desk
Published at :
रुद्रपुर में बरात गई तो दुल्हन लेने और दूल्हे के घर में पड़ोसियों के साथ चल गए लात घूंसे

मोहल्ले की नाली में कूड़ा जमा होने पर हुआ विवाद, जमकर हुआ हंगामा
रुद्रपुर। दूधियानगर में स्वजन दुल्हन की विदाई कराने गए थे। इस दौरान कूड़े को लेकर घर में मौजूद सदस्यों का पड़ोसियों से विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच चले लात-घूंसे में सात लोग घायल हो गए। रम्पुरा चौकी पहुंच एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा वहां भी हंगामा काटा।
बाद में पुलिस कार्रवाई होती देख आपस में समझौता कर लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों का पुलिस एक्ट में चालान किया है। पुलिस के अनुसार दो दिन पहले दूधियानगर निवासी सचिन मौर्य के भाई की शादी थी। सोमवार को परिवार के सभी सदस्य दुल्हन को लाने उसके मायके गए थे। घर में सचिन तथा परिवार की महिला सदस्य ही थीं। बताया जा रहा है कि विवाह समारोह के बाद मोहल्ले की नाली में कूड़ा एकत्र हो गया। पड़ोसी मुकेश शर्मा ने इसका विरोध किया तो सचिन से विवाद के बाद दोनों के बीच मारपीट हो गई। बाद में वहां एकत्रित दोनों पक्ष के लोगों के बीच भी हाथापाई हो गई।
मारपीट में मुकेश के साथ ही उसके पक्ष के सुनील और राजू तथा दूसरे पक्ष के सचिन के साथ ही लवकेश, ऊषा, मनीष चोटिल हो गए। बाद में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर कार्रवाई की मांग को लेकर रम्पुरा चौकी पहुंचे, जहां उन्होंने हंगामा काटा। पुलिस के तहरीर मांगने पर मंगलवार सुबह दोनों पक्षों के लोग चौकी पहुंचे और आपसी समझौते की बात कह कोई कार्रवाई न करने की बात कही।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›