Report by : CWN Desk
Published at :
पिथौरागढ़ में फिर जंगली मशरूम का कहर: एक ही परिवार के चार लोग अस्पताल में भर्ती, हालात स्थिर

पिथौरागढ़। जिले में जंगली मशरूम खाने से लोगों की तबीयत बिगड़ने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा घटना धारचूला क्षेत्र के छलमा छिलासों गांव की है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्य जहरीले मशरूम खाने से गंभीर रूप से बीमार हो गए।
धारचूला निवासी सूरज वर्मा (30) अपनी बहन सुनीता (46) से मिलने उसके गांव छलमा छिलासों गया था। बहन ने सूरज, अपने बेटे अनुराग (13) और बेटी प्रियांशी (6) के लिए जंगली मशरूम की सब्जी बनाई। सब्जी खाने के कुछ देर बाद ही सभी की हालत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हुई और तबीयत लगातार गिरती चली गई।
परिजन तुरंत सभी को सीएचसी धारचूला ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। देर रात करीब 10 बजे चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार फिलहाल सभी की हालत स्थिर है और उपचार जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले मुनस्यारी क्षेत्र में भी जंगली मशरूम खाने से कुंती देवी और उनकी नातिन दीया की मौत हो चुकी है। अब तक जिले में जंगली मशरूम खाने से आठ अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार होकर अस्पताल पहुंच चुके हैं।
जिले में इस तरह की घटनाओं के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को जंगली मशरूम खाने के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को सतर्क करने की आवश्यकता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›