ठग ने एक व्यक्ति को फोन कर कहा कि आपका बेटा नाबालिग के साथ दुष्कर्म में पकड़ा गया
देहरादून। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की मदद से आवाज बदलकर साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। ठग ने एक व्यक्ति को फोन कर कहा कि आपका बेटा नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया गया है। बेटे को जेल जाने से बचाना चाहते हो तो खाते में 50 हजार भेजने पड़ेंगे। रुपये भेजने के बाद जब व्यक्ति ने बेटे से बात की तो उसने कहा कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई। इस मामले में वसंत विहार थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वसंत विहार थानाध्यक्ष महादेव उनियाल के अनुसार, पूर्णनंद नाइक निवासी इंजीनियर एन्क्लेव ने बताया कि उनके पास 27 अप्रैल को वाट्सएप पर फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को प्रेमनगर थाने में पुलिसकर्मी बताया। कहा कि तुम्हारे बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने अपने दो दोस्तों के साथ एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया है। इसके बाद एक युवक से बात कराई जिसकी आवाज बिल्कुल बेटे जैसी लग रही थी। बात करते हुए वह बचाने की गुहार लगाने लगा। शिकायतकर्ता ने डर के कारण आरोपित के खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उसने अपने बेटे से बात की तो उसने इस तरह की किसी घटना से अनिभिज्ञता जताई।