Connect with us

देहरादून

देहरादून: स्वर्ण गंगा एनक्लेव में कोटाबाग की महिला ने की आत्महत्या, मासूम बेटी के सिर से उठा माँ का साया

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में मोनिका स्वार नामक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। घटना के समय पति हल्द्वानी में था। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

देहरादून: राजधानी के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत केदारपुर स्थित स्वर्ण गंगा एनक्लेव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 42 वर्षीय महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस आत्मघाती कदम से दंपति की नौ साल की मासूम बेटी के सिर से माँ का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मोनिका स्वार (42 वर्ष) के रूप में हुई है। मोनिका अपने पति अमित स्वार के साथ केदारपुर में मदन मोहन भट्ट के मकान में किराये पर रहती थी। अमित मूल रूप से कोटाबाग (नैनीताल) के रहने वाले हैं। घटना के समय मोनिका का पति घर पर मौजूद नहीं था, वह किसी निजी कार्य से हल्द्वानी गया हुआ था।
नेहरू कॉलोनी के एसओ संजीत कुमार ने बताया कि मंगलवार को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक महिला ने फांसी लगा ली है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो पता चला कि महिला की मृत्यु हो चुकी है। जांच में सामने आया कि मोनिका ने बाथरूम की खिड़की में चुन्नी से फंदा लगाकर अपनी जान दी।
इस घटना के बाद से क्षेत्र में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सबसे ज्यादा दुखद स्थिति उस 9 वर्षीय मासूम बच्ची की है, जिसने अपनी माँ को खो दिया। पुलिस मृतका के परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मोनिका ने आखिर इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
एसओ संजीत कुमार ने स्पष्ट किया कि फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सके। पुलिस पति के हल्द्वानी से लौटने का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। तब तक पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement