हल्द्वानी
रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और कालाबाजारी के खिलाफ हल्द्वानी में युवा कांग्रेस का हल्ला बोल
हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में हेमंत साहू के नेतृत्व में युवा कांग्रेस ने गैस सिलेंडर को श्रद्धांजलि देकर और चूल्हे पर खाना बनाकर बढ़ती कीमतों का विरोध किया।
हल्द्वानी। हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में आज रसोई गैस के गहरे संकट और आसमान छूती कीमतों के खिलाफ युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने खाली गैस सिलेंडर पर फूल-माला चढ़ाकर उसे प्रतीकात्मक रूप से ‘श्रद्धांजलि’ दी और सरकार की जनविरोधी नीतियों की आलोचना की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बीच सड़क पर लकड़ी वाले चूल्हे में भोजन बनाकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। युवा नेता हेमंत साहू ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में सिलेंडर की भारी किल्लत है और मजबूरन लोगों को सिलेंडर 2500 रुपये तक में ब्लैक में खरीदना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई का सबसे बुरा असर मध्यमवर्गीय परिवारों और गृहिणियों पर पड़ रहा है, जिनके लिए अब घर का बजट संभालना नामुमकिन हो गया है। वरिष्ठ नेता राजेंद्र बिष्ट और संदीप भसोड़ा ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने ‘अच्छे दिनों’ के सपने दिखाकर जनता को ‘बुरे दिन’ दिखा दिए हैं। आज स्थिति यह है कि उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी फिर से लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं।
इस प्रदर्शन में भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें मुख्य रूप से छात्र नेता मेहुल साह, सचिन राठौर, शाहनवाज मलिक, रेखा जाटव और ज्योति आर्या समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस की कीमतों पर लगाम नहीं लगाई गई और कालाबाजारी बंद नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
