Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में नीली बत्ती और फर्जी आईबी कार्ड लगाकर घूम रहा रामपुर का युवक गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी पुलिस ने खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) अधिकारी बताकर रौब झाड़ने वाले रामपुर के युवक को गिरफ्तार किया है। कार से फर्जी आईडी कार्ड और एयरगन बरामद।

हल्द्वानी। हल्द्वानी पुलिस ने आधी रात चेकिंग के दौरान खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताने वाले रामपुर के एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी कार पर भारत सरकार का बोर्ड और नीली बत्ती लगाकर घूम रहा था। पुलिस ने फर्जी दस्तावेज और एयरगन जब्त कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर शनिवार देर रात संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग का विशेष अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम तिकोनिया चौराहे पर जांच कर रही थी। तभी काठगोदाम की दिशा से आ रही एक यूपी नंबर की कार को रोका गया, जिस पर भारत सरकार लिखा बोर्ड और लाल-नीली बत्ती लगी हुई थी।
कार चालक ने अपना नाम मोहम्मद मोहासिब खान, निवासी रामपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने खुद को आईबी अधिकारी बताते हुए एक पहचान पत्र पेश किया। हालांकि पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर वह घबरा गया और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। कार के डैशबोर्ड की तलाशी लेने पर पुलिस को फर्जी आईबी आईडी कार्ड, खुफिया विभाग के फर्जी कागजात और एक एयरगन बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लोगों पर रौब जमाने के लिए इस फर्जीवाड़े का इस्तेमाल करता था। उसने अपने दोस्तों को बताया था कि वह आईबी की ट्रेनिंग के लिए हल्द्वानी जा रहा है। वह फर्जी कागजातों के सहारे नैनीताल घूमने की योजना बना रहा था। आरोपी बीते चार महीनों से रामपुर और आसपास के जिलों में इसी तरह फर्जी अफसर बनकर घूम रहा था।

Select Language

Advertisement