Report by : CWN Desk
Published at :
आईपीएल में सट्टा लगाने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 9 लोग पकड़े, दुबई से चल रहा था गिरोह

आरोपियों से मोबाइल फोन, लैपटॉप और नौ लाख रुपये नकद बरामद, 20 करोड़ रुपए का किया था ऑनलाइन लेनदेन
देहरादून।
दून पुलिस ने आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप और नौ लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं उनके खातों से 20 करोड़ रुपए के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के भी साक्ष्य पुलिस के हाथ लगे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि राजपुर थाना पुलिस को क्षेत्र में आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा लगाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने पुरकुल रोड स्थित ब्राह्मणवाला में बने एक फ्लैट में दबिश देखकर नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया।
एसएसपी ने बताया कि ऑनलाइन सट्टे का पूरा नेटवर्क दुबई से शुभम नाम का व्यक्ति संचालित कर रहा था। वहीं देहरादून में सट्टे का काम सिराज मेनन देख रहा था। आरोपित मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टे की साइट लेजर टाइगर तथा ऑल पैनल पर जाकर सट्टा खिलवा रहे थे। ऑनलाइन सट्टे की लिंक की आईडी व लिंक शुभम निवासी छत्तीसगढ़ उपलब्ध करवा रहा था।
आरोपितों की पहचान सिराज मेनन निवासी सिविल लाइन निकट साइन मंदिर जिला दुर्ग थाना सिविल लाइन छत्तीसगढ़, सौरव निवासी जिला चिलवाड़ा छत्तीसगढ़, विवेक अधिकारी निवासी कोरबा जिला कोरबा छत्तीसगढ़, लोकेश गुप्ता निवासी पीपल चौराहा मध्य प्रदेश, सोनू कुमार निवासी औरंगाबाद बिहार, मोनू निवासी अंबिकापुर जिला सरगवा छत्तीसगढ़, विकास कुमार निवासी थाना टिकरापारा जिला रायपुर छत्तीसगढ़ और शत्रुघ्न कुमार निवासी सरैया जिला मुजफ्फरपुर बिहार के रूप में हुई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›