Report by : CWN Desk
Published at :
बाजार से घी का छोटा डिब्बा के बजाए बड़ा लेकर आ गई बेटी, मां डांट लगाई तो फंदे पर लटक गई

देहरादून। मामूली सी बात को लेकर बेटी इतनी गुस्सा हो गई कि उसने खुद को कमरे में बंद कर दिया और फंदे से झूल गई। मां व पड़ोसियों ने जब खिड़की से देखा तो तत्काल कंट्रोल रूम में फोन किया। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर समय रहते युवती को नीचे उतारा और निजी वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया। अब युवती की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
डालनवाला कोतवाली के इंस्पेक्टर राजेश साह के मुताबिक सालावाला से किसी ने कंट्रोल रूम पर फोन किया कि एक युवती ने खुद को कमरे में बंद करके फंदा लिया है। सूचना मिलते ही तत्काल हाथीबड़कला चौकी इंचार्ज ओम प्रकाश को मौके पर भेजा गया। जब उन्होंने खिड़की से देखा तो युवती फंदे से लटकी हुई थी। चौकी इंचार्ज ने सिपाहियों के साथ दरवाजा तोड़ा और तत्काल युवती को फंदे से नीचे उतारा।
इंस्पेक्टर ने बताया कि उस समय तक युवती की सांसें चल रही थी। चीता कर्मचारियों की मदद से युवती को लिंक रोड और वहां से पुलिस के वाहन से मुख्य रोड तक लाया गया। इतने में एंबुलेंस पहुंच गई तो युवती को उसमें शिफ्ट कर दून अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवती की हालत खतरे से बाहर है। झगड़े के पीछे कारण बताया जा रहा है कि युवती की मां ने उससे बाजार से घी मंगवाया था। युवती घी का बड़ा डिब्बा लेकर आ गई, इसी बात को लेकर मां-बेटी में बहस हो गई, और युवती ने यह कदम उठाया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›