Report by : Paras Bisht
Published at :
बिंदुखत्ता के NSG कमांडो की दिल्ली में गोली लगने से मौत, शादी से पहले आई मौत की खबर

लालकुआं : बिंदुखत्ता निवासी NSG कमांडो नरेंद्र सिंह भंडारी (30) की दिल्ली में फायर ड्रिल के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
नरेंद्र भंडारी पिछले 10 वर्षों से कुमाऊं रेजीमेंट में NSG कमांडो के रूप में सेवा दे रहे थे। मंगलवार शाम दिल्ली में फायर ड्रिल के दौरान उन्हें गोली लग गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शादी से पहले आई मौत की खबर
नरेंद्र की शादी 19 नवंबर को लोहाघाट निवासी युवती से हल्द्वानी के एक बैंकट हॉल में होनी थी। शादी के कार्ड बंट चुके थे और सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। लेकिन नरेंद्र की मौत ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
परिवार में पसरा मातम
नरेंद्र के पिता स्वर्गीय गोपाल सिंह भंडारी का दो साल पहले निधन हो गया था। उनके बड़े भाई यशवंत सिंह कृषक हैं और मझले भाई माधव सिंह रेलवे में लोको पायलट हैं। नरेंद्र की मौत की खबर सुनकर उनकी छोटी बहन हीरा और मां माधवी देवी सहित पूरा परिवार सदमे में है।
सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
नरेंद्र का शव बुधवार को दिल्ली से बिंदुखत्ता लाया जाएगा। गुरुवार को उन्हें पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर में भी दे चुके सेवाएं
नरेंद्र वर्तमान में दिल्ली में तैनात थे। इससे पहले वे जम्मू-कश्मीर में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।
क्षेत्र में शोक की लहर
नरेंद्र की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग उनके निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›