हल्द्वानी
हल्द्वानी में भाजपा नेता कमल मुनि जोशी को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, महाराष्ट्र से पंतनगर तक पीछा
हल्द्वानी में भाजपा नेता कमल मुनि जोशी को फोन पर जान से मारने और धार्मिक भावनाएं भड़काने की धमकी देने वाला आरोपी रहीम गुल खान पंतनगर से गिरफ्तार।
हल्द्वानी: उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता कमल मुनि जोशी को फोन पर जान से मारने की धमकी देने और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
यह पूरा मामला हल्द्वानी के गौजाजाली बिचली (पुरानी आईटीआई) निवासी भाजपा नेता कमल मुनि जोशी से जुड़ा है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही आरोपी ने उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का भी इस्तेमाल किया था, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ सकता था।
तहरीर मिलने के बाद हल्द्वानी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने इस मामले में तकनीकी और मैन्युअल इंटेलिजेंस का सहारा लिया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि धमकी देने वाला आरोपी महाराष्ट्र का एक ट्रक चालक है और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है। पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा महाराष्ट्र तक किया, लेकिन आखिरकार सटीक सूचना के आधार पर 23 जून को अभियुक्त को पंतनगर से दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान रहीम गुल खान उर्फ वसीम खान (उम्र 35 वर्ष) निवासी जिला वासिम, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
इस गंभीर मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 196, 299 और 302 की बढ़ोतरी की है, जो धार्मिक उन्माद और वैमनस्य फैलाने से जुड़ी हैं। पुलिस कप्तान डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आम जनता और राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे किसी भी विवाद को धर्म से जोड़कर समाज की शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास न करें।
