उधमसिंह नगर
काशीपुर में 18 वर्षीय छात्रा का मिला खून से सना शव, मॉडलिंग का झांसा देने वाले युवक पर आरोप
उत्तराखंड के काशीपुर में 18 वर्षीय छात्रा का संदिग्ध हालत में मिला शव। परिजनों ने मॉडलिंग का झांसा देने वाले युवक पर लगाया आरोप। पुलिस जांच में जुटी।
ऊधम सिंह नगर। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। काशीपुर में रामनगर रोड के पास 18 वर्षीय छात्रा का खून से सना शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान डिफेंस कॉलोनी, श्यामपुरम निवासी 18 वर्षीय कांति के रूप में हुई है। मृतका के परिजनों ने रम्पुरा निवासी जॉनी नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां बिंदुल देवी का कहना है कि आरोपी युवक पिछले छह महीने से छात्रा के संपर्क में था। आरोप है कि युवक ने कांति को मॉडलिंग में करियर बनाने और आगे बढ़ाने का झांसा दिया था।
परिजनों के अनुसार, आरोपी के संपर्क में आने के बाद से घर में लगातार तनाव और विवाद की स्थिति बनी रहती थी। 5 जुलाई को कांति के जन्मदिन पर भी इसी बात को लेकर घर में काफी कहासुनी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि मॉडलिंग का सपना दिखाने के बहाने छात्रा के साथ यह खौफनाक वारदात अंजाम दी गई।
फिलहाल मौत के असली कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज, कॉल डिटेल और फोरेंसिक सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। परिजनों की तहरीर और आरोपों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
