Connect with us

उधमसिंह नगर

काशीपुर हत्याकांड: पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, सड़क हादसा समझ रही थी पुलिस

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के काशीपुर में 24 वर्षीय बिजनेसमैन की हत्या का सनसनीखेज खुलासा। पत्नी ने नाबालिग प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को दिया अंजाम। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

उधम सिंह नगर। जिले के काशीपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रामनगर में टेंट हाउस का बिजनेस चलाने वाले 24 वर्षीय बिजनेसमैन संजीव कुमार की कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआत में पुलिस इसे एक सामान्य सड़क हादसा मान रही थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गले पर मिले गोली के निशान ने पुलिस के कान खड़े कर दिए। इसके बाद उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में गहन जांच शुरू हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सीडीआर और सर्विलांस की मदद ली। पुलिस को मृतक संजीव कुमार की पत्नी के बयानों में भारी विरोधाभास मिला। शक गहराने पर जब पुलिस ने दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो परत-दर-परत सच बाहर आ गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मृतक की पत्नी का पिछले आठ महीने से इनमें से एक नाबालिग के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की शाम आरोपी नाबालिगों ने जन्मदिन मनाने के बहाने संजीव को कार में घुमाने के लिए राजी किया। वापसी के दौरान कार की पिछली सीट पर बैठे नाबालिग ने तमंचे से संजीव की गर्दन पर पीछे से गोली मार दी। गोली लगते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी और संजीव की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
संजीव और उसकी पत्नी ने पांच साल पहले परिजनों के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी। आज पति की हत्या के आरोप में पत्नी जेल की सलाखों के पीछे है। इस खौफनाक वारदात का सबसे दुखद पहलू यह है कि दंपत्ति की तीन साल की मासूम बच्ची पूरी तरह अनाथ हो चुकी है। परिवार से बगावत करके शादी करने के कारण अब तक मायके या ससुराल पक्ष से कोई भी रिश्तेदार उस बच्ची का सहारा बनने आगे नहीं आया है।

Select Language

Advertisement