देहरादून
देहरादून में कपड़ा व्यापारी की संदिग्ध मौत, दूध पीने की होड़ में गई जान
देहरादून के रायपुर में कपड़ा व्यापारी इफ्तिखार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। पुलिस ने तीन दोस्तों को किया गिरफ्तार, शर्त के दौरान हुआ हादसा।
देहरादून। रायपुर क्षेत्र स्थित रक्षा विहार में शनिवार देर रात कपड़ा व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय इफ्तिखार के रूप में हुई है, जो इंदिरा मार्केट में कपड़े की दुकान चलाता था। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर मृतक के तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद इफ्तिखार अपने दोस्त अनस के दफ्तर गया था। वहां दोनों के बीच दूध पीने की होड़ लग गई। एक-एक किलो दूध पीने के बाद वे ताकत आजमाने के लिए आपस में धक्का-मुक्की करने लगे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से इफ्तिखार दफ्तर के कांच के दरवाजे पर जा गिरा।
कांच का दरवाजा टूटने से उसका शीशा इफ्तिखार की बगल में धंस गया। उसके साथी उसे तुरंत इलाज के लिए श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर रायपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि मामले में शामिल स्थानीय युवकों आरीश, अनस और जावेद को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
