हल्द्वानी
हल्द्वानी में खौफनाक वारदात: पति ने लाठी से पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या, खुद पुलिस को किया फोन
हल्द्वानी के गौलापार में पारिवारिक विवाद के दौरान पति ने पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस को फोन कर आत्मसमर्पण किया
हल्द्वानी। काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के गौलापार (देवला तल्ला पजाया) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक किसान पति ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी 45 वर्षीय पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, डंडे से किए ताबड़तोड़ वार पुलिस के अनुसार गौलापार निवासी किसान महेंद्र सिंह रावत और उसकी दूसरी पत्नी नीलम रावत के बीच गुरुवार दोपहर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से में आकर महेंद्र ने पास पड़े लकड़ी के डंडे से नीलम के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वह खून से लथपथ होकर फर्श पर बेसुध हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को किया फोन पत्नी को खून से लथपथ और अचेत पड़ा देख आरोपी पति घबरा गया। उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर घटना की जानकारी दी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी तलवार लेकर उस पर हमला करने दौड़ी थी, जिसके बचाव में उसने लाठी चलाई। सूचना पर पहुंची काठगोदाम पुलिस ने महिला को सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में, जांच जारी मामले की जानकारी देते हुए एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि नीलम आरोपी की दूसरी पत्नी थी और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने घटनास्थल से एक तलवार बरामद की है। हालांकि, आरोपी पति के आत्मरक्षा वाले दावे की पुलिस गहनता से जांच कर रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
