हल्द्वानी
हल्द्वानी STH में स्वाइन फ्लू की दस्तक, आइसोलेशन वार्ड और NICU तैयार
हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में स्वाइन फ्लू का नया मामला मिलने से हड़कंप मच गया है। मरीजों के लिए आइसोलेशन और NICU वार्ड सतर्क कर दिए गए हैं।
हल्द्वानी। राजकीय डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) में शनिवार को स्वाइन फ्लू (H1N1) का नया मामला दर्ज किया गया। मरीज की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने के तुरंत बाद प्रशासन ने उसे अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया। इसके अलावा, दो अन्य संदिग्ध मरीजों को भी भर्ती कर उनकी विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
अस्पताल प्रशासन ने संभावित संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए एक विशेष क्लीिनिकल एरिया में संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। भर्ती मरीजों के नमूने लेकर जांच प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पूरे मामले की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने पूरे परिसर में साफ-सफाई और बचाव संबंधी इंतजाम मजबूत कर दिए हैं।
छोट बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अस्पताल में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सर्दी-जुकाम और बुखार से पीड़ित बच्चों की सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। STH के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शहजाद ने बताया कि बच्चों के लिए अलग आइसोलेशन वार्ड और NICU पूरी तरह सक्रिय कर दिए गए हैं।
अस्पताल के नोडल अधिकारी और वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. परमजीत सिंह ने बताया कि तेज बुखार, सूखी खांसी, गले में खराश और जोड़ों के दर्द को नजरअंदाज न करें। उन्होंने नागरिकों से भीड़भाड़ वाले स्थानों में मास्क पहनने, साबुन या सैनिटाइजर से हाथ धोने और बिना चिकित्सकीय सलाह के कोई एंटीबायोटिक न लेने की अपील की है।
उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में बढ़ते संक्रामक रोगों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और नागरिकों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर से परामर्श लें।
