देहरादून के पटेलनगर में प्रॉपर्टी कारोबारी से 5 लाख की रंगदारी मांगने वाले कथित पत्रकार अनुज अग्रवाल को पुलिस ने किया गिरफ्तार। डायरी में मिला सीक्रेट चैंबर।
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी कारोबारी से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले कथित पत्रकार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अनुज अग्रवाल नाम का यह आरोपी खुद को एक न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताकर लोगों को डराता-धमकाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कारोबारी से झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पहले ही 50 हजार रुपये ऐंठ लिए थे।
आजाद कॉलोनी माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर को इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित का कहना था कि एक प्रॉपर्टी विवाद को लेकर आरोपी ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल किया और बदनामी का डर दिखाकर पांच लाख रुपये की मांग की। डर की वजह से पीड़ित ने अनुज अग्रवाल के बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए थे, लेकिन इसके बाद भी आरोपी बाकी रकम के लिए लगातार धमकी दे रहा था।
शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को आईएसबीटी के पास से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन मोबाइल फोन और एक संदिग्ध डायरी बरामद हुई। पटेलनगर पुलिस की जांच में सामने आया कि उस डायरी के अंदर मोबाइल छिपाने के लिए एक विशेष सीक्रेट चैंबर बनाया गया था, जिसका इस्तेमाल लोगों के गोपनीय वीडियो बनाने के लिए किया जाता था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ देहरादून के अलावा मध्य प्रदेश, पंजाब, ओडिशा और गुजरात राज्यों में भी धोखाधड़ी व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके मोबाइल से मिले वीडियो और अन्य राज्यों के आपराधिक इतिहास की गहराई से जांच कर रही है। इस गिरफ्तारी से शहर के अन्य फर्जी पत्रकारों में भी हड़कंप मच गया है।