Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अल्टीमेटम : शासन स्तर पर निरीक्षण तेज

उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल विवाद पर सीएम धामी ने सुलह की पहल की है। गायक मीका सिंह ने मंत्री से माफी की मांग की है।

देहरादून। उत्तराखंड के प्रसिद्ध कुंजापुरी मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उपजे विवाद को सुलझाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सक्रिय पहल की है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और लोकप्रिय गायक दलेर मेहंदी के बीच मंच पर हुई तीखी बहस के बाद से राज्य की राजनीति गरमा गई थी। इस मामले को शांत करने के लिए मुख्यमंत्री ने पहले गायक दलेर मेहंदी के भाई और मशहूर गायक मीका सिंह से फोन पर बात की थी।
शुक्रवार को सीएम ने खुद दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना और देवभूमि की आतिथ्य परंपरा का हवाला दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी से बातचीत के दौरान कहा कि उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भवः’ की संस्कृति के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है। राज्य की पहचान यहां की आत्मीयता और सौहार्द से जुड़ी हुई है, जहां कलाकारों का हमेशा सम्मान होता है। सीएम ने अपील की कि इस अप्रिय घटना को पीछे छोड़कर सभी को आपसी संवाद और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। सरकार का यह प्रयास है कि सांस्कृतिक आयोजनों की गरिमा भी बनी रहे और किसी तरह का मनमुटाव आगे न बढ़े।
दूसरी ओर, गायक मीका सिंह ने अपने भाई दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मीका सिंह ने मुख्यमंत्री धामी द्वारा की गई पहल और फोन कॉल की सराहना की, लेकिन साथ ही एक कड़ी शर्त भी रख दी। मीका ने मांग की है कि मंत्री सुबोध उनियाल को सार्वजनिक रूप से वीडियो जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंच पर दलेर मेहंदी पर शराब के नशे में होने का जो गंभीर आरोप लगाया गया है, उसके लिए मंत्री को स्पष्टीकरण देना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए।
कुंजापुरी मेले की इस घटना के बाद से सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां एक तरफ कुछ लोग धार्मिक आयोजनों की मर्यादा और अनुशासन की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कलाकारों के सार्वजनिक अपमान को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की मध्यस्थता के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह विवाद पूरी तरह से शांत हो पाएगा या राजनैतिक स्तर पर इस पर अभी और बयानबाजी देखने को मिलेगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›