Report by : Paras Bisht
Published at : Updated at :
IMG 20261025 WA00741

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अमृतपुर बायपास निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। नैनीताल और नीम करौली बाबा के कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों को अब जाम से जल्द मिलेगी मुक्ति।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी के निर्माणाधीन अमृतपुर बायपास कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटन सीजन और वीकेंड पर लगने वाले भारी जाम से आम जनता और पर्यटकों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए इस बायपास को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और सभी आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। इस बायपास के बनने से नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा की तरफ जाने वाले यात्रियों का सफर सुगम होगा। इसके साथ ही प्रसिद्ध कैंची धाम में बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भी जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत और लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने कार्य की प्रगति की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 75 मीटर स्पैन स्टील पुल का कार्य भी तेजी से जारी है। बायपास के अंतर्गत दो किलोमीटर तक पहाड़ की कटिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे काम को गति मिली है।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी है। राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और सुगम यातायात प्रबंधन के लिए लगातार ठोस प्रयास कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›