लालकुआं-पंतनगर मार्ग पर नगला दवाईफार्म के पास दर्दनाक हादसा। कैंटर की टक्कर से 2 युवकों की मौत। क्षेत्र में शोक की लहर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।
हल्द्वानी। लालकुआं और पंतनगर थाना क्षेत्र के बीच नगला दवाईफार्म के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार कैंटर और स्कूटी की भीषण टक्कर में दो युवकों की असमय मौत हो गई। इस दुखद खबर से जहां मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय चेतन बिष्ट (निवासी पश्चिमी दौलतपुर, काठगोदाम) और 23 वर्षीय दीक्षित बिष्ट (निवासी भवाली) स्कूटी से लालकुआं से किच्छा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नगला दवाईफार्म के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित कैंटर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया। हालांकि, चोटें अत्यधिक गंभीर होने के कारण दोनों युवकों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एक ही झटके में दो होनहार युवकों की जान जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर बेलगाम दौड़ते तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।