सीएम धामी ने उत्तराखंड पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। 6 नवंबर को गृह मंत्री अमित शाह पुलिस को ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से करेंगे अलंकृत
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की पहचान को और अधिक गौरवशाली और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक विशेष कार्यक्रम में उत्तराखंड पुलिस के नवीन ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का औपचारिक अनावरण किया है। इसके साथ ही प्रदेश में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आधारित सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पुलिस बल की पहचान बदलना केवल प्रतीकों का बदलाव नहीं है, बल्कि यह उनकी शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को मजबूत करने की पहल है। उन्होंने अधिकारियों से जनता के प्रति संवेदनशीलता और कार्यप्रणाली में पूरी पारदर्शिता रखने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस सेवा से आईपीएस में प्रोन्नत हुए अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर सख्ती से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबर 1064 की नियमित समीक्षा करने के मुख्य सचिव को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत सीधे इस नंबर पर दर्ज कराएं ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके।
यह उत्तराखंड पुलिस के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि आगामी 6 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा पुलिस बल को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से सम्मानित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर पुलिसकर्मी अपनी नई सेरेमोनियल वर्दी में भव्य परेड में हिस्सा लेंगे। नई पहचान के साथ उत्तराखंड पुलिस जनसेवा और अनुशासन के नए मानक स्थापित करने के लिए तैयार है।