Report by : CWN Desk
Published at :
एसटीएफ की सटीक योजना से 10 हजार के इनामी गौ तस्कर की गिरफ्तारी, रायपुर देहरादून का रहने वाला है आरोपी

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ टीम ने गौवंश तस्करी के मामले में वांछित चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी कलीम कुरैशी को हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार अभियुक्त कलीम कुरैशी पुत्र अनीश कुरैशी (उम्र 36 वर्ष) मूल रूप से रायपुर रोड, शक्ति विहार, इलम चंद वाली गली, पानी की टंकी के पास, अधोईवाला, थाना रायपुर, देहरादून का निवासी है। उस पर थाना रायपुर में गौवंश तस्करी के दो मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं। इस अपराध में पहले अन्य आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे, लेकिन कलीम कुरैशी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अभियुक्त लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था ताकि गिरफ्तारी से बच सके। परंतु एसटीएफ को मिली सटीक मैनुअल सूचना के आधार पर उसे पिरान कलियर क्षेत्र से दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार, कलीम कुरैशी की गिरफ्तारी एसटीएफ की लंबे समय से चल रही निगरानी और रणनीति का नतीजा है। गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक नंदकिशोर भट्ट के नेतृत्व में अपर उप निरीक्षक देवेंद्र भारती, हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह नेगी, देवेंद्र ममगाई, प्रमोद पंवार, सुधीर केसला और कांस्टेबल रवि पंत, दीपक चन्दोला, शैलेश भट्ट व कादर खान शामिल रहे।

गिरफ्तार अभियुक्त को कानूनी कार्रवाई हेतु थाना रायपुर में दाखिल कर दिया गया है। एसटीएफ की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को पुरस्कृत किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। यह गिरफ्तारी पुलिस की सतर्कता और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›