Report by : CWN Desk
Published at :
रानीखेत: चुनाव ड्यूटी से लौट रही महिला अधिकारी से कार चालक ने की छेड़छाड़, विरोध पर मारपीट; चलती कार से कूदकर बचाई जान

रानीखेत। पंचायत चुनाव ड्यूटी से घर लौट रही एक महिला मतदान अधिकारी के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। आरोपी युवक भारतीय सेना का जवान है, जो इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था। पुलिस ने उसकी कार को सीज कर दिया है और आरोपी को नोटिस भी जारी किया गया है।

घटना 24 जुलाई की शाम करीब साढ़े छह बजे की है, जब ताड़ीखेत ब्लॉक के मल्ला डाभर में ड्यूटी पूरी करने के बाद महिला अधिकारी घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक सफेद कार उनके पास रुकी और चालक ने उन्हें लिफ्ट देने की पेशकश की। महिला अधिकारी ने जब लिफ्ट ली तो रास्ते में चालक ने उनके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। जब महिला ने विरोध किया, तो उसने मारपीट भी की। महिला ने मौका देखकर चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई।

कोतवाल अशोक धनखड़ ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी रानीखेत के दुबणा गांव का निवासी है और शंकर विहार, दिल्ली में सेना में तैनात है। फिलहाल पुलिस ने उसकी कार जब्त कर ली है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी को नोटिस भेजा गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›