Report by : CWN Desk
Published at :
आयुष्मान योजना: मरीजों को मिलेगा तेजी से इलाज, राज्य बनाएगा नया पोर्टल

देहरादून। अब आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत इलाज के लिए मरीजों को सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती होने पर पहले की तुलना में ज्यादा आसानी होगी। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण ने योजना के तहत अस्पताल में भर्ती होने की मंजूरी प्रक्रिया को सरल बनाने का निर्णय लिया है।

वर्तमान में इंपैनल्ड अस्पतालों में इलाज शुरू करने से पहले टीएमएस (ट्रांजैक्शन मैनेजमेंट सिस्टम) पोर्टल पर मंजूरी लेनी होती है। अस्पतालों द्वारा इस पोर्टल पर रिक्वेस्ट भेजी जाती है, जिसे राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण की ओर से स्वीकृत किया जाता है। लेकिन यह पोर्टल केंद्र की नेशनल हेल्थ एजेंसी के अधीन होने के कारण तकनीकी समस्याओं की स्थिति में राज्य खुद हस्तक्षेप नहीं कर पाता। जब तक केंद्र से समस्या ठीक नहीं होती, तब तक मरीजों को इलाज में देरी का सामना करना पड़ता है।

इन्हीं दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए अब राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण नया पोर्टल विकसित कर रहा है, जो पूरी तरह राज्य के नियंत्रण में होगा। इससे न केवल मंजूरी की प्रक्रिया तेज और पारदर्शी होगी, बल्कि किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में राज्य स्वयं समाधान कर सकेगा।

इस नई व्यवस्था से मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा और अस्पतालों पर भी कार्यभार कम होगा। इससे आयुष्मान योजना के तहत इलाज की प्रक्रिया और अधिक प्रभावशाली व सुगम बन जाएगी। सरकार का यह कदम प्रदेश के हजारों गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत देगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›