Connect with us

उत्तराखंड पुलिस

सावधान! ट्रेडिंग के नाम पर लग सकता है चूना, STF ने दबोचा करोड़ों का खेल करने वाला ठग

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड एसटीएफ ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खातों में करोड़ों के लेनदेन का खुलासा हुआ है।

देहरादून/ऊधम सिंह नगर: मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ‘अपराध मुक्त देवभूमि’ अभियान के तहत एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (STF) अजय सिंह के निर्देशन में साइबर थाना कुमाऊं की टीम ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 24.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मलकीत सिंह निवासी गदरपुर, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया है कि ठगों का यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाता था। पीड़ित को Hantec Market Trading Company में निवेश कर अधिक मुनाफे का लालच दिया गया था। ठगी के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की पड़ताल में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है; मात्र अक्टूबर-नवंबर 2025 के दो महीनों के भीतर ही इन खातों में करोड़ों रुपये का लेनदेन पाया गया है।
अभियुक्तों का तरीका बेहद शातिर था। वे व्हाट्सएप ग्रुप में फर्जी स्क्रीनशॉट साझा कर लोगों का भरोसा जीतते थे और एक नकली ऐप के डैशबोर्ड पर फर्जी मुनाफा दिखाते थे। जब पीड़ित अधिक पैसा निवेश कर देता, तो उसे निकाल पाना असंभव हो जाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और चेक बुक बरामद की है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक, यूट्यूब लाइक स्कैम या टेलीग्राम आधारित निवेश योजनाओं के झांसे में न आएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध निवेश से पहले कंपनी की सत्यता की जांच जरूर करें। यदि आप किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर के पिंडारी ग्लेशियर में हिमस्खलन के बाद फंसे 14 विदेशी ट्रैकरों को रेस्क्यू करने एसडीआरएफ टीम रवाना

Select Language

Advertisement