उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री धामी ने भुट्टा भूनकर जीता दिल, वृद्धा को अपने हाथों से कराया स्वाद
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मानवीय और सहज पक्ष एक बार फिर सामने आया जब भारामल दर्शन के उपरांत लौटते समय उनका काफिला पीलीभीत रोड से गुजर रहा था। इस दौरान मुख्यमंत्री अचानक सड़क किनारे भुट्टा भून रहे महातम की ठेली के पास रुके।
मुख्यमंत्री ने वहां स्वयं भुट्टा भूना और पहले से खड़ी एक वृद्ध महिला को अपने हाथों से वह भुट्टा सौंपा। उन्होंने महिला का हालचाल भी जाना और फिर खुद भी भुट्टे का स्वाद लिया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए एक यादगार क्षण बन गया।
मुख्यमंत्री धामी का यह व्यवहार उनके जमीन से जुड़े स्वभाव और आमजन के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि स्थानीय श्रमिक और छोटे व्यापारी ही उत्तराखंड की असली ताकत हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि ऐसे लोगों को आत्मनिर्भरता की दिशा में और अधिक अवसर मिलें।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से भी स्वावलंबन, स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता को बढ़ावा देने का आग्रह किया। उन्होंने यह संदेश दिया कि नेतृत्व तभी सार्थक होता है जब वह आम जनता के साथ सीधे संवाद और सम्मान के भाव में जुड़ा हो। उनका यह विनम्र व्यवहार एक सशक्त, सहभागी समाज की ओर प्रेरणास्रोत है।
