Report by : CWN Desk
Published at :
पिथौरागढ़: गुलदार के हमले से सहमी छात्रा, सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल का समय बदलने की मांग

पिथौरागढ़। जिले के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरोड़ा की छात्रा पर गुलदार के हमले के बाद गांव सहित पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। यह घटना बृहस्पतिवार सुबह की है जब किरोड़ा निवासी जगदीश लाल की पुत्री अंबिका स्कूल जा रही थी। स्कूल से लगभग 50 मीटर पहले गुलदार ने उस पर झपट्टा मारा, लेकिन अंबिका ने साहस दिखाते हुए छाते से वार किया और स्कूल की ओर भाग गई।

अंबिका की बहादुरी से वह सुरक्षित रही और स्कूल पहुंचकर शिक्षकों को आपबीती सुनाई। वह एक प्रशिक्षित एथलीट भी है, जिससे उसे भागने में मदद मिली। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं को सतर्क रहने की हिदायत दी है और छुट्टी के बाद उन्हें समूह में घर भेजा जा रहा है। अभिभावकों को भी बच्चों को समूह में स्कूल भेजने के लिए कहा गया है।

प्रभारी प्रधानाचार्य नरेश भट्ट ने बताया कि स्कूल और गांव के बीच 400 मीटर का फासला है, जो बच्चों के लिए असुरक्षित हो गया है। इसलिए खंड शिक्षाधिकारी से स्कूल का समय बदलने की मांग की गई है। उधर, उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. दिवाकर पंत ने बताया कि किरोड़ा गांव में क्यूआरटी टीम तैनात की गई है और गुलदार को पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›