Report by : CWN Desk
Published at :
नेपाल में हिंसा के बीच दून के कारोबारी की पत्नी की मौत, शव आज लौटने की संभावना

देहरादून। नेपाल में भड़की हिंसा ने दून के एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। देहरादून ट्रांसपोर्टनगर में रहने वाले कारोबारी रामबीर सिंह गोला की पत्नी राजेश गोला (45 वर्ष) की उपद्रवियों द्वारा लगाई गई आग और भगदड़ के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रामबीर सिंह अपनी पत्नी के साथ छह सितंबर को नेपाल घूमने गए थे। नौ सितंबर की रात वे काठमांडू के एक होटल में ठहरे हुए थे, तभी उपद्रवियों ने वहां आग लगा दी। होटल में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच रामबीर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन राजेश चौथी मंजिल से गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी जान चली गई।
रामबीर मूल रूप से गाजियाबाद मेरठ रोड के रहने वाले हैं, लेकिन 1980 से देहरादून में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय कर रहे हैं। उनकी ट्रांसपोर्ट फर्म ‘अशोक रोडलाइंस’ दून और गाजियाबाद दोनों जगह संचालित होती है। घटना के बाद रामबीर लगातार मदद के लिए भटकते रहे और फोन पर अपने परिचितों को भी जानकारी दी।
परिजनों ने नेपाल स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर सहायता मांगी, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को रामबीर पत्नी का शव लेकर देहरादून लौट सकते हैं। इस हादसे ने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े परिवारों और परिचितों को गहरे शोक में डाल दिया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›