Report by : CWN Desk
Published at :
चर्चित लोकगायिका देवी बनीं बिन ब्याही मां, ऋषिकेश एम्स में दिया बेटे को जन्म

ऋषिकेश। बिहार की प्रसिद्ध लोकगायिका देवी ने अपने जीवन का नया अध्याय शुरू करते हुए एक साहसिक निर्णय लिया है। उन्होंने अविवाहित रहते हुए चिकित्सकीय पद्धति से मां बनने का विकल्प चुना और सितंबर में ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में ऑपरेशन के जरिए एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। फिलहाल मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।
देवी ने प्रसव के बाद खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मुझे ऐसा लग रहा है जैसे पूरी दुनिया की खुशी मिल गई हो।” उन्होंने बताया कि मां बनने का अनुभव जीवन का सबसे बड़ा सुख है।
देवी के पिता प्रोफेसर प्रमोद कुमार ने बताया कि उनकी बेटी ने जर्मनी में चिकित्सकीय देखरेख में गर्भधारण किया था और परिवार इस निर्णय से पहले से ही पूरी तरह अवगत था। करीब सात साल पहले भी देवी ने कृत्रिम गर्भधारण का प्रयास किया था, जो सफल नहीं हो पाया था। इस बार उनका सपना पूरा हुआ है।
देवी की बहन नीति कुमार ने सोशल मीडिया पर नवजात की पहली तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “बहुत खुश हूं कि आज मैं मौसी बन गई।” तस्वीर सामने आते ही प्रशंसकों और शुभचिंतकों की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
लोकगायिका देवी हमेशा अपने गीतों और स्वतंत्र सोच के लिए चर्चा में रहती हैं। उन्होंने लोक संगीत को नए आयाम दिए और देश-विदेश में पहचान बनाई। निजी जीवन में भी वह समय-समय पर सुर्खियों में रही हैं। वर्ष 2021 में उनका एक विदेशी प्रशंसक संग रिश्ते को लेकर भी नाम जुड़ा था, लेकिन बाद में उन्होंने अपना जीवन अपनी शर्तों पर जीने का निर्णय लिया।
देवी का यह कदम समाज में आधुनिक सोच और स्वतंत्र जीवनशैली का उदाहरण है। यह संदेश देता है कि मातृत्व का अधिकार हर स्त्री का व्यक्तिगत निर्णय है, जो शादी या रिश्तों पर निर्भर नहीं है। उनके इस साहसिक फैसले ने उन्हें न केवल प्रशंसा दिलाई है, बल्कि कई महिलाओं के लिए प्रेरणा भी बनी हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›