नई दिल्ली
खुशखबरी: अब सिर्फ आधार कार्ड से मिलेगा 5 किलो वाला छोटा गैस सिलिंडर, सरकार का बड़ा फैसला
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच केंद्र सरकार ने प्रवासी मजदूरों और छात्रों को बड़ी राहत दी है। अब बिना कनेक्शन सिर्फ आधार दिखाकर मिलेगा 5 किलो का एलपीजी सिलिंडर।
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण देश में एलपीजी (LPG) आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया है। महानगरों में गैस सिलिंडर की किल्लत को देखते हुए केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। पेट्रोलियम मंत्रालय जल्द ही 5 किलो का छोटा एलपीजी सिलिंडर उन लोगों के लिए उपलब्ध कराएगा, जिनके पास स्थाई गैस कनेक्शन नहीं है।
यह योजना मुख्य रूप से दूसरे शहरों में रहने वाले प्रवासी मजदूरों और छात्रों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। अक्सर इन लोगों को अवैध रिफिलिंग या महंगे दामों पर गैस खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है। नई व्यवस्था के तहत, अब कोई भी व्यक्ति केवल अपना आधार कार्ड (Aadhar Card) दिखाकर गैस एजेंसी से यह छोटा सिलिंडर प्राप्त कर सकेगा। इसके लिए आधार आधारित KYC अनिवार्य हो सकती है।
सरकार इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल साधनों का सहारा लेगी। प्रत्येक छोटे सिलिंडर पर QR कोड या यूनिक आईडी लगाने पर विचार किया जा रहा है। इस यूनिक ट्रैकिंग सिस्टम से सिलिंडर की जमाखोरी और अवैध खरीद-फरोख्त पर प्रभावी लगाम लगेगी। सरकार का लक्ष्य गली-मोहल्लों में होने वाली खतरनाक अवैध रिफिलिंग को पूरी तरह बंद करना है।
कीमत की बात करें तो नए नियमों के तहत एलपीजी की दर करीब 100 रुपये प्रति किलो तय की जा सकती है। वर्तमान में खुले बाजार में लोग इसके लिए 200 से 250 रुपये प्रति किलो तक चुका रहे हैं। यह सिलिंडर सीधे कंपनियों से रिफिल होकर आएगा, जिससे सुरक्षा मानक भी मजबूत रहेंगे। उम्मीद है कि इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन अगले एक-दो दिनों में जारी हो जाएगा।




