Report by : CWN Desk
Published at :
गुलदार का बढ़ता आतंक: रुद्रप्रयाग और श्रीनगर में दो लोगों पर हमले, क्षेत्र में दहशत का माहौल

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में इन दिनों गुलदार का आतंक बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक का है, जहां सोमवार देर रात एक गुलदार ने घर में सो रही महिला पर हमला कर दिया। घटना धान्यों गांव की है, जहां रात करीब 3:30 बजे कुशला देवी अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान गुलदार ने दरवाजे को तोड़ते हुए महिला पर झपटा मारा और उसे खींचने की कोशिश की। महिला के पति ने लाठी से गुलदार पर हमला कर किसी तरह उसे भगाया।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। गुलदार ने उसके नाक और माथे पर नाखूनों से हमला किया। घायल कुशला देवी को तत्काल अगस्त्यमुनि अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में डर और दहशत का माहौल है। पिछले एक सप्ताह में यह दूसरी घटना है। इससे पहले इसी क्षेत्र में एक महिला को गुलदार ने गौशाला में घायल कर दिया था। स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
उधर, श्रीनगर गढ़वाल में भी आज सुबह गुलदार ने एक 32 वर्षीय युवक पर हमला कर दिया। युवक पौड़ी रोड पर मजदूरी करता है और सुबह शौच के लिए जाते समय गुलदार की चपेट में आ गया। उसे तुरंत संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन दोनों घटनाओं ने वन विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›