Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी-काठगोदाम में बारिश का कहर, 8 मकान टूटे, 250 लोगों को रेस्क्यू किया
हल्द्वानी-काठगोदाम में बारिश का कहर, 8 मकान टूटे, 250 लोगों को रेस्क्यू किया

रकसिया नाले ने मचाई तबाही, दहशत में बीती रात, हर जगह जलभराव

हल्द्वानी-काठगोदाम में बारिश का कहर, 8 मकान टूटे, 250 लोगों को रेस्क्यू किया


हल्द्वानी। हल्द्वानी-काठगोदाम में बारिश ने तबाही मचाई है। 24 घंटे में हल्द्वानी- काठगोदाम में 254 एमएम बारिश दर्ज की गई है। काठगोदाम क्षेत्र में रात करीब आठ बजे कलसिया नाला उफनाने से सैकड़ों घरों में पानी घुस गया। आठ मकान ध्वस्त हो गए। जिसके बाद हरकत में आए पुलिस-प्रशासन ने आनन-फानन से करीब 250 लोगों को घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
गौलापार स्थित शेर नाले में बहने से एक लोडर वाहन के चालक की मौत हो गई। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए डीएम वंदना ने बुधवार को नैनीताल जिले के कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद कर दिया है। हल्द्वानी में शाम करीब पांच बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश रात करीब एक बजे तक नहीं थमी। भारी बारिश के बीच खतरे की आशंका को देखते हुए ऊर्जा निगम ने कई क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बंद कर दी। देर रात तक कई इलाके अंधेरे में डूबे रहे। 
वहीं, देहरादून में आइटी पार्क और आसपास के क्षेत्रों में आसमान से आफत बरसी। रात करीब दो घंटे लगातार हुई भारी वर्षा से क्षेत्र में खासा नुकसान हुआ है। आईटी पार्क से कैनाल रोड जाने वाले मार्ग पर धोरणखास में बादल फटने से आसपास के क्षेत्रों में आपदा आ गई। रात को एक ही घंटे में इस क्षेत्र में करीब 140 मिमी वर्षा हुई। जबकि, रात भर में सहस्रधारा रोड क्षेत्र में 251 मिमी वर्षा रिकॉर्ड दर्ज की गई। भारी वर्षा के कारण स्वास्थ्य महानिदेशालय जाने वाला मार्ग बह गया और एक पुलिया टूटने से आवाजाही बंद हो गई। डांडा लखौंड में कई पुस्ते ढह गए। विद्युत पोल और पेयजल लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा।
गढ़वाल राइफल हास्टल की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। क्षेत्रीय पार्षद अभिषेक पंत ने बताया कि भद्रकाली मंदिर को जाने वाले मार्ग का पुस्ता धंस गया और आबकारी गोदाम की दीवार ढह गई। एचएसआर होटल के पास विद्युत ट्रांसफार्मर नाले के उफान में बह गया। सोमवार रात आईटी पार्क के पास आए रपटे में एक बोलेरो समेत पांच वाहन बह गए। मंगलवार सुबह रायपुर विधायक उमेश शर्मा ने भी आपदाग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण किया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›