Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में सेना के जवान ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दी

हल्द्वानी। हल्द्वानी में सेना के एक जवान ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। तिकोनिया स्थित आर्मी कैंट में तैनात जवान आवास विकास में पत्नी और दो बच्चों के साथ किराये पर रहते थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से टेकुमतला चिटिया वारंगल तेलंगाना निवासी कोलूगुरी कार्तिक (31) पुत्र के रवि कार्तिक हल्द्वानी तिकोनिया स्थित आर्मी कैंट में सप्लाई कोर में तैनात थे। 25 मार्च 2013 को वह सेना में भर्ती हुए थे। वह अपनी पत्नी, करीब दो साल और छह माह के दो बच्चों के साथ आवास विकास में रहते थे। बीते शनिवार रात वह रोज की तरह ड्यूटी से घर आए और स्वास्थ्य खराब होने की बात की। इसके बाद वह अपने कमरे में चले गए।
रात में करीब 1 बजे पत्नी ने देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था, खिड़की से देखा तो वह बेड की चादर से फंदा बनाकर फांसी पर झूले हुए थे। पत्नी के चिल्लाने पर आसपास लोग पहुंच गए। सूचना पर पहुंचे कोतवाल हरेन्द्र चौधरी ने बताया, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। इसके बाद उन्होंने तेलंगाना में जवान के परिजनों से बात की तो उन्होंने उनके आने तक पोस्टमार्टम कराने से मना किया। इसलिए शव को मोर्चरी में रखवाया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›