Connect with us

सोशल मीडिया वायरल

आंध्र के लक्ष्मण के प्यार में श्रीलंका से भारत खींची आई विग्नेश्वरी, कर ली शादी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पाकिस्तान के सीमा और भारत की अंजू के बाद श्रीलंका की विग्नेश्वरी की लव स्टोरी वायरल
नई दिल्ली। प्यार अगर सच्चा हो तो किसी भी मुश्किलों का सामना आसानी से किया जा सकता है। पहले सीमा हैदर अपने प्यार को पाने के लिए पाकिस्तान से भारत आई। तो वहीं भारत की अंजू भी प्यार के लिए पाकिस्तान की सीमा पार कर गई। अब ऐसा ही एक और मामला श्रीलंका से आया है, जहां टूरिस्ट वीजा पर भारत आई महिला को आंध्र प्रदेश के लड़के से प्यार हो गया और अब दोनों ने शादी भी रचा ली है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों की दोस्ती फेसबुक के जरिए हुई, जिसके बाद दोनों में बातचीत बढ़ गई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में तब्दील हुई और अब नतीजा शादी तक पहुंच गया।
श्रीलंका की रहने वाली 25 साल की विग्नेश्वरी को आंध्र प्रदेश के 28 साल के लक्ष्मण से प्यार हो गया। चित्तूर जिले के रहने वाले लक्ष्मण की दोस्ती विग्नेश्वरी से वर्ष 2017 में हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत हुई और ये दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों का रिश्ता समय के साथ-साथ और भी मजबूत होता चला गया, जिसके बाद दोनों ने शादी करने और साथ रहने का फैसला किया।
लक्ष्मण और विग्नेश्वरी ने मिलने का प्लान बनाया और विग्नेश्वरी ने भारत आने के लिए टूरिस्ट वीजा अप्लाई कर लिया। 8 जुलाई को विग्नेश्वरी ने कोलंबो से चेन्नैई के लिए फ्लाइट पकड़ी। एयरपोर्ट पर इतंजार कर रहे लक्ष्मण ने विग्नेश्वरी को रिसीव किया और अपने घर ले गया। घर वालों से बातचीत करने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया। दोनों की शादी 20 जुलाई को कोटा मंडल के एक मंदिर में हुई।
वीजा पर भारत आई विग्नेश्वरी ने भले ही शादी रचा ली हो, लेकिन वह टूरिस्ट वीजा पर यहां आई थी। इसके कारण जब इलाके में लोगों की इसके बारे में पता चला तो सभी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने विग्नेश्वरी को भारत से अपने देश श्रीलंका वापस जाने का नोटिस जारी किया है। बता दें, विग्नेश्वरी का टूरिस्ट वीजा 15 अगस्त तक ही वैध है। अपने सामने आने वाली बाधाओं बिना परेशान हुए, विग्नेश्वरी ने स्थायी रूप से भारत में रहने और अपने पति के साथ रहने की इच्छा व्यक्त की। उसने भारतीय नागरिकता की मांग करते हुए भारत सरकार से सहायता की अपील की है। जिला पुलिस अधीक्षक, वाई रिशांत रेड्डी ने बताया कि विग्नेश्वरी को भारतीय नागरिकता प्राप्त करने की प्रक्रिया और मानदंडों के बारे में सूचित किया गया था। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिक से शादी के आधार पर उनके वीजा में विस्तार मिलने की संभावना है। भविष्य में उत्पन्न होने वाली संभावित कानूनी जटिलताओं के मद्देनजर, पुलिस ने कपल को सलाह भी दी है। उन्होंने विग्नेश्वरी और लक्ष्मण को अपनी शादी को औपचारिक रूप से पंजीकृत करने पर भी जोर दिया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement