Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: सोशल मीडिया के जरिए 3.20 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), उत्तराखंड ने पश्चिम बंगाल के खरदह पुलिस स्टेशन क्षेत्र से साइबर ठगी के मास्टरमाइंड सूरज मौला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर फर्जी पहचान और बैंक डिटेल्स के जरिए पीड़ितों को झांसे में लेकर 3.20 करोड़ रुपये की ठगी की थी। आरोपी खुद को कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर बताकर व्हाट्सएप के जरिए विश्वास जीतता और फर्जी पेमेंट मांग कर रकम ट्रांसफर कराता था।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि टिहरी गढ़वाल निवासी एक पीड़ित ने मई 2025 में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी ने व्हाट्सएप पर फर्जी मैसेज भेजकर पीड़ित को नए प्रोजेक्ट के नाम पर 1.95 करोड़ रुपये श्याम ट्रेडिंग कंपनी के खाते में ट्रांसफर करने को कहा। जांच में पता चला कि आरोपी ने सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर विभिन्न बैंक खातों में 3.20 करोड़ रुपये जमा करवाए। आरोपी के खाते में महज एक दिन में करोड़ों रुपये का लेनदेन पाया गया।

एसटीएफ टीम ने कड़ी जांच के बाद सूरज मौला पुत्र रुस्तम मौला, निवासी ठाकुरपुर महेशतला, दक्षिण 24 परगना, पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, तीन सिम, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक आधार कार्ड, एक आधार कार्ड की छायाप्रति, तीन डेबिट कार्ड और दो अन्य सिम कार्ड बरामद हुए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने जनता से अपील की कि किसी भी अंजान व्यक्ति, वेबसाइट या निवेश ऑफर के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत करें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›