Report by : CWN Desk
Published at :
ऊधम सिंह नगर में व्यापारी के साथ हनीट्रैप: श्मशान घाट बुलाकर बनाया अश्लील वीडियो

उत्तराखंड के रुद्रपुर में व्यापारी सुपद मंडल को हनीट्रैप में फंसाकर 5 लाख की फिरौती मांगी गई। अश्लील वीडियो बनाकर दी दुष्कर्म के झूठे केस की धमकी। पढ़ें पूरी खबर।

रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले से सनसनीखेज हनीट्रैप का मामला सामने आया है। यहाँ एक व्यापारी को दोस्ती के जाल में फंसाकर न केवल बंधक बनाया गया, बल्कि अश्लील वीडियो बनाकर भारी रकम की वसूली भी की गई। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के निवासी व्यापारी सुपद मंडल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उन्हें बदनाम करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए गए।
पीड़ित के अनुसार, एक युवती पिछले कई दिनों से फोन पर उनसे संपर्क बनाए हुए थी। बातचीत के जरिए भरोसा जीतने के बाद, युवती ने 27 मार्च को उन्हें फुलसुंगा श्मशान घाट के पास मिलने के लिए बुलाया। जब व्यापारी वहां पहुंचे, तो युवती उन्हें बहला-फुसलाकर अपने घर ले गई। वहां पहले से ही कुछ अन्य लोग मौजूद थे, जिन्होंने सुपद मंडल को घेर लिया और उन्हें बंधक बना लिया।
आरोप है कि बंधक बनाने के बाद आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और जबरन उनके कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए आरोपियों ने 5 लाख रुपये की मांग की। डरे हुए व्यापारी ने अपने एक परिचित के माध्यम से कुछ रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की और कुछ नकद भी दिए। इसके बावजूद, आरोपियों का लालच कम नहीं हुआ और वे लगातार फोन कर और पैसों के लिए दबाव बनाने लगे।
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक तनाव के कारण पीड़ित ने पुलिस की शरण ली है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और फोन कॉल रिकॉर्ड्स की जांच की जा रही है। इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›