नई दिल्ली
महाकुंभ गर्ल मोनालिसा ने फरमान खान से मंदिर में रचाई शादी, ‘लव जिहाद’ पर दिया कड़ा जवाब
महाकुंभ 2025 फेम मोनालिसा भोंसले ने फरमान खान संग लिए सात फेरे। ‘लव जिहाद’ के आरोपों पर मोनालिसा ने कहा- ‘नहीं बदलूंगी हिंदू धर्म’। जानें शादी के पीछे की पूरी कहानी।
नई दिल्ली। महाकुंभ 2025 में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए रातों-रात मशहूर हुई मोनालिसा भोंसले, जिन्हें दुनिया ‘महाकुंभ गर्ल’ के नाम से जानती है, एक बार फिर चर्चा में हैं। मोनालिसा ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ शादी के बंधन में बंधकर सबको चौंका दिया है। यह शादी केरल के एक मंदिर में पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाजों और सात फेरों के साथ संपन्न हुई। शादी की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
शादी के बाद मचे ‘लव जिहाद’ के शोर के बीच इस जोड़े ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी स्थिति स्पष्ट की। मोनालिसा ने दोटूक शब्दों में कहा कि वे किसी भी दबाव में अपना धर्म नहीं बदलेंगी और हमेशा हिंदू बनी रहेंगी। उन्होंने धर्म परिवर्तन की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। मोनालिसा ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने फरमान को शादी के लिए राजी करने के लिए सुसाइड तक की धमकी दी थी, क्योंकि उनका परिवार जबरन उनकी शादी कहीं और करना चाहता था।
वहीं, फरमान खान ने लव जिहाद के आरोपों को बेबुनियाद बताया। फरमान ने कहा, “अगर यह लव जिहाद होता, तो मैं मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे नहीं लेता। हम दोनों अपने-अपने धर्मों का पालन करेंगे। मेरे लिए इंसानियत सबसे ऊपर है।” उन्होंने बताया कि मोनालिसा के पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे, जिसके कारण उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस की मदद भी लेनी पड़ी। फिलहाल दोनों केरल में अपनी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
मोनालिसा की फिल्म के डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने इस रिश्ते पर गंभीर सवाल उठाए थे, लेकिन इस कपल ने इसे आपसी सहमति और प्यार का मामला बताया है। फरमान के अनुसार, मोनालिसा भागकर नहीं आईं बल्कि अपने पिता के साथ केरल पहुंची थीं, लेकिन बाद में पारिवारिक विरोध के चलते उन्होंने खुद अपनी राह चुनी। अब यह जोड़ा केरल में ही बसने की योजना बना रहा है। सोशल मीडिया पर जहां कुछ लोग इस शादी का विरोध कर रहे हैं, वहीं कई लोग उनके साहसी फैसले का समर्थन भी कर रहे हैं।
