Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड के प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा और सुविधाएं होंगी सुदृढ़, रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

देहरादून। राज्य सरकार ने उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी प्रमुख मंदिरों में चरणबद्ध दर्शन व्यवस्था लागू की जाएगी और श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार स्थित मनसा देवी, चंडी देवी, टनकपुर का पूर्णागिरि धाम, नैनीताल का कैंची धाम, अल्मोड़ा का जागेश्वर मंदिर और पौड़ी स्थित नीलकंठ महादेव जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जाएं।

इसके लिए दोनों मंडलों में आयुक्तों की अध्यक्षता में एक समिति बनाई जाएगी जो स्थानीय स्तर पर सुरक्षा और सुविधा विस्तार से संबंधित निर्णय लेगी।

मुख्यमंत्री ने भीड़ प्रबंधन, पंजीकरण, पैदल मार्गों और सीढ़ियों के चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने जैसी व्यवस्थाओं को तुरंत लागू करने के निर्देश दिए हैं।

मनसा देवी मंदिर में हाल ही में हुई भगदड़ की घटना के बाद सरकार ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता में रखा है और यह निर्णय उसी दिशा में एक अहम कदम है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›