Report by : CWN Desk
Published at :
चारधाम यात्रा मार्ग पर दून हॉक आई ड्रोन से रहेगी पुलिस की निगरानी


चार ड्रोन हमेशा आसमान में उड़ते रहेंगे, नियमों के उल्लंघन होने पर कार्रवाई होगी
देहरादून
। चारधाम यात्रा मार्ग पर दून पुलिस के हॉक आई ड्रोन निगरानी करेंगे। इसके लिए चार ड्रोन हमेशा आसमान में उड़ते रहेंगे। यात्रा मार्ग पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के अलावा ये नियमों के उल्लंघन होने पर कार्रवाई भी करेंगे।
यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए शनिवार को ऋषिकेश पहुंचे एसएसपी अजय सिंह ने यह निर्देश पुलिस को दिए। इसके अलावा मौजूदा ट्रैफिक और चीता पुलिस के अलावा यात्रा मार्ग पर 10 अतिरिक्त चीता मोबाइल तैनात किए जाएंगे। एसएसपी ने शनिवार को चारधाम यात्रा रजिस्ट्रेशन ऑफिस, ट्रांजिट कैंप आदि का निरीक्षण किया।
इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज साइट का भी निरीक्षण किया। यहां पर भविष्य में लोगों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए उन्होंने स्थानीय पुलिस को निर्देशित भी किया। उन्होंने यात्रा मार्ग पर जगह-जगह रूट के फ्लैक्स बोर्ड लगाने को कहा। इसके अलावा यातायात के दबाव वाले क्षेत्रों में बैरियर लगाकर वाहनों के आने और जाने के लिए अलग अलग लेन बनाई जाए।
ये भी दिए निर्देश
• चारधाम यात्रा में आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर अलग-अलग जगहों को चिह्नित करते हुए पुलिस हेल्प डेस्क स्थापित की जाएं, जिससे यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा क्षेत्र से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा सके
• पूर्व में चारधाम यात्रा के संचालन के दौरान सामने आयी दिक्कतों का संज्ञान लेते हुए यात्रा शुरू होने से पूर्व उनके निराकरण के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं
• यात्रा सीजन के दौरान यातायात के दबाव को कम करने के लिए पूर्व से यातायात प्लान तैयार करते हुए डायवर्जन प्वाइंट चिह्नित कर लिए जाएं। यातायात का दबाव अधिक होने पर यातायात को डायवर्जन प्वाइंट से डायवर्ट किया जाए

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›