Report by : CWN Desk
Published at :
सीआईएसएफ भर्ती की फिजिकल परीक्षा में अंगूठे के निशान का नहीं हुआ मिलान, पकड़ा गया मुन्ना भाई

आरोपी ने अपनी जगह दूसरे युवक को लिखित परीक्षा में बैठाकर पास की थी परीक्षा, मुकदमा
हरिद्वार। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की कांस्टेबल भर्ती की फिजिकल परीक्षा में एक मुन्ना भाई पकड़ा गया है। मुन्ना भाई ने लिखित परीक्षा में अपनी जगह दूसरे युवक को बैठाकर परीक्षा दिलवा दी। लिखित परीक्षा पास करने के बाद फिजिकल देने के लिए पहुंचा तो मामले का खुलासा हुआ। फिजिकल के लिए उनके बायोमेट्रिक सत्यापन में अंगूठे के निशान का मिलान नहीं हुआ।
सीएफआईएसएफ के डिप्टी कमांडेट की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रानीपुर कोतवाली पुलिस के मुताबिक, भेल स्थित सीआईएसएफ में सिपाही की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। बुधवार को मनीष कुमार निवासी मेरठ फिजिकल टेस्ट के लिए आया था। लेकिन बायोमेट्रिक सत्यापन में अंगूठे के निशान और फोटो का मिलान नहीं हो पाया। अभ्यर्थी के बाएं हाथ के अंगूठे का निशान और फोटो का मिलान नहीं हुआ। जांच पर सामने आया कि अंगूठे पर कुछ लगाया हुआ था। बाएं हाथ के अंगूठे पर किसी और के निशान मिले। सख्ती से पूछताछ करने पर अभ्यर्थी ने कबूल किया कि बीते फरवरी माह में रुड़की में आयोजित लिखित परीक्षा में उसकी जगह किसी और युवक ने परीक्षा दी थी। आरोपी युवक ने पूछताछ में बताया कि इस फर्जीवाडे के पीछे उसका चाचा शिव कुमार निवासी शिवपुरम, मोहकमपुर मेरठ है। डिप्टी कमांडेंट ओमबीर सिंह आरोपी को पुलिस के पास लेकर पहुंचे और केस दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›