Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में मुठभेड़: 10 हजार के इनामी पशु वध के आरोपी को लगी गोली

देहरादून: देहरादून के सिंहनीवाला क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गौकशी के आरोपी और 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश यूसुफ को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को पुलिस जब सिंहनीवाला में चेकिंग कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार बदमाश यूसुफ ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत पीछा किया और शेरपुर के निर्माणाधीन हाईवे के पास बदमाश को घेर लिया। दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें बदमाश घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गौकशी के कई मामलों में वांछित था यूसुफ
पुलिस के मुताबिक, यूसुफ गौकशी के कई मामलों में वांछित था और उसके खिलाफ उत्तराखंड गौ वंश संरक्षण अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने बदमाश के पास से एक 315 बोर का देसी तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा राउंड बरामद किया है।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस बल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि वह अपराधियों को बख्शेगी नहीं।
प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प
एसएसपी ने कहा कि पुलिस प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे पुलिस का सहयोग करें ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›