Report by : CWN Desk
Published at :
हिमाचल में बारिश का कहर, जनजीवन अस्त-व्यस्त, 50 लोगों की मौत

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन दिनों से हो रही तेज बारिश से भारी जानमाल का नुकसान हुआ है। पिछले 24 घंटे में भूस्खलन, बादल फटने और बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 50 लोगों की मौत हो गई। कई घर भूस्खलन में दब गए हैं। भूस्खलन की वजह से 35 लोगों के मलबे में दबने की सूचना है। वहीं आसमान से बरस रही आपदा को देखते हुए राज्य सरकार ने मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस पर सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
बरसात में राजधानी शिमला सहित हमीरपुर, मंडी, सोलन, कांगड़ा और सिरमौर जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। अकेले शिमला में ही पिछले 24 घंटे में 14 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 35 से ज्यादा लोग जगह-जगह मलबे में फंसे हुए हैं। शिमला के बालूगंज में भूस्खलन की चपेट में आए शिव बावड़ी मंदिर से दोपहर तक नौ शव निकाले जा चुके हैं। यहां लगभग डेढ़ दर्जन लोगों के दबे होने की आशंका है। जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में मंडी जिला में अलग-अलग हादसों में 19, शिमला जिला में 14, सिरमौर जिला में 4, सोलन जिला में 10 और चंबा, कांगड़ा और हमीरपुर में एक-एक मौत हो चुकी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›