उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट, नैनीताल, देहरादून समेत इस जिले में स्कूल बंद
देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार को भी कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत और बागेश्वर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश, गर्जन और बिजली चमकने की संभावना है। विभाग के अनुसार 17 अगस्त तक प्रदेशभर में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। बारिश को देखते हुए नैनीताल, देहरादून और उत्तरकाशी में स्कूल बंद रखे गए हैं।
मौसम विज्ञान विभाग के हाईड्रोमेट डिवीजन ने बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, टिहरी और ऊधमसिंह नगर में अगले 24 घंटे में भारी बारिश और बाढ़ के खतरे की चेतावनी दी है। इसके बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों के डीएम को सतर्क रहने और सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए हैं।
केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, हरिद्वार में गंगा का जल स्तर 292 मीटर (खतरे का स्तर 294 मीटर) पर स्थिर है। ऋषिकेश में गंगा का स्तर 340.50 मीटर (खतरे का स्तर 394.50 मीटर) पर है और बढ़ रहा है। गंगनानी, उत्तरकाशी में भागीरथी नदी का जल स्तर 1841.20 मीटर (खतरे का स्तर 1844 मीटर) पर है और वृद्धि जारी है। हर्षिल में जल स्तर 2492 मीटर तक पहुंच गया है। उत्तरकाशी में भागीरथी का जल स्तर 1120.38 मीटर (खतरे का स्तर 1123 मीटर) पर है, जो घट रहा है। टिहरी डैम का जल स्तर 810.48 मीटर है, जबकि अधिकतम क्षमता 830 मीटर है।
प्रशासन ने लोगों से नदियों के किनारे जाने से बचने, सतर्क रहने और आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए संपर्क करने की अपील की है।
