देहरादून
देहरादून में सनसनीखेज वारदात: 14 साल की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, 3 नाबालिग गिरफ्तार
देहरादून के पटेलनगर में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला। तीन नाबालिगों ने जंगल में ले जाकर दिया वारदात को अंजाम। बजरंग दल का भारी प्रदर्शन, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पटेलनगर क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ तीन नाबालिग युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और हिंदूवादी संगठनों ने पुलिस कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया है।
पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, घटना 12 मार्च की शाम की है। किशोरी कपड़े देने के लिए घर से बाहर गई थी, तभी मुख्य आरोपी कैफ ने उसे फोन कर मिलने बुलाया। वहां पहले से ही कैफ के साथ उसके दो अन्य साथी, रैफी और अरहान मौजूद थे। तीनों आरोपित किशोरी को बहला-फुसलाकर पास के एक सुनसान जंगल में ले गए।
आरोप है कि जंगल में आरोपितों ने किशोरी को नशीला पदार्थ मिली हुई कोल्डड्रिंक पिलाई। इसके बाद बेहोशी की हालत में तीनों ने पूरी रात किशोरी के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। अगली सुबह आरोपियों ने पीड़िता को एक ई-रिक्शा में बैठाकर उसके घर के पास छोड़ दिया। घर पहुँचते ही पीड़िता बेसुध होकर गिर पड़ी और अपनी मां को आपबीती सुनाई।
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पटेलनगर कोतवाली पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और तीनों नामजद आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।
पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। चूंकि तीनों आरोपित नाबालिग हैं, इसलिए उन्हें नियमानुसार जुवेनाइल कोर्ट (किशोर न्याय बोर्ड) के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
