Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी के टांडा जंगल में सनसनीखेज मर्डर, साथी ने कुल्हाड़ी से काटी गर्दन

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के टांडा जंगल में वन विभाग के संविदाकर्मी मेवा लाल की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। शराब के नशे में विवाद के बाद साथी पर हत्या का शक है।

हल्द्वानी। हल्द्वानी से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के टांडा जंगल क्षेत्र में देर रात वन विभाग में संविदा पर कार्यरत एक कर्मचारी की निर्मम हत्या कर दी गई। इस खूनी वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय मेवा लाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कौशांबी के रहने वाले थे। वह हल्द्वानी के टांडा रेंज में लंबे समय से वन विभाग में संविदा कर्मचारी के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। रविवार देर रात उनका शव जंगल के भीतर खून से लथपथ हालत में मिला, जिसके बाद विभाग और पुलिस में हड़कंप मच गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मेवा लाल की हत्या कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर की गई है। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को वहाँ संघर्ष के गहरे निशान भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि रविवार रात मेवा लाल और उनके एक साथी ने एक साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर खूनी विवाद शुरू हो गया।
नशे की हालत में विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी साथी ने पास रखी कुल्हाड़ी से मेवा लाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गर्दन पर गंभीर चोट आने के कारण मेवा लाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही हल्द्वानी कोतवाली पुलिस और टीपीनगर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार संदिग्ध साथी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस खौफनाक वारदात ने एक बार फिर नशे के कारण होने वाले गंभीर अपराधों को उजागर किया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement