Connect with us

चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी

भारी भूस्खलन से सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग बंद, केदारनाथ यात्रा ठप

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा को लेकर एक बार फिर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। मंगलवार शाम को सोनप्रयाग-गौरीकुंड पैदल मार्ग पर भारी भूस्खलन होने से यात्रा को रोकना पड़ा। मुनकटिया से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिससे रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।
शाम करीब साढ़े छह बजे बारिश के बीच भूस्खलन हुआ, जिससे हाईवे पर चट्टान के बड़े-बड़े बोल्डर और भारी मलबा गिरा। गनीमत रही कि उस समय कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सोनप्रयाग कोतवाली प्रभारी राकेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से गौरीकुंड और सोनप्रयाग से दोनों ओर की आवाजाही को रोक दिया गया है।
एनएच विभाग के अधिशासी अभियंता ओंकार नाथ पांडे ने बताया कि मार्ग को खोलने के लिए दो मशीनों से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है, लेकिन लगातार बारिश और अंधेरा कार्य में बाधा बन रहे हैं। यदि मौसम अनुकूल रहा, तो बुधवार सुबह तक यातायात बहाल होने की उम्मीद है।
इधर, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द मार्ग को बहाल कर यात्रा फिर से शुरू कराई जाए। साथ ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को तीर्थयात्रियों की सहायता में तत्पर रहने के निर्देश भी दिए।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और मौसम में सुधार होने तक रुके रहने की अपील की है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement