Report by : CWN Desk
Published at :
एसटीएफ ने 68 लाख रुपये की ठगी के आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया

आरोपी शेयर मार्केट और स्टॉक ट्रेडिंग की विभिन्न कपंनियों की फर्जी वेबसाइट बनाकर करता था ठगी
देहरादून
। एसटीएफ की साइबर क्राइम टीम ने 68 लाख रुपये की ठगी के मामले में गिरोह के एक आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी शेयर मार्केट और स्टॉक ट्रेडिंग की विभिन्न कपंनियों की फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों से ठगी करते हैं।
एसटीएफ के मुताबिक, गत फरवरी में साइबर ठगों ने डीएलरोड निवासी अश्वनी को शेयर मार्केट ट्रेडिंग को लेकर पहले ऑनलाइन क्लास दी। इसके बाद एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर निवेश कर लाभ कमाने का लालच देकर कई बार में 68 लाख रुपये ठगे थे। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद आरोपी सनमान सिंह निवासी मदर इंडिया कॉलोनी थाना शाहजनाबाद भोपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक पीओएस मशीन, दो मोबाइल फोन, पांच चेकबुक, चार ब्लैंक चेक, दो पासबुक, एक एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो मुहर और प्रमाणपत्र बरामद किए हैं।
आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी कंपनी और वेबसाइट बनाकर खुद को विभिन्न शेयर मार्केट, स्टॉक ट्रेडिंग कंपनी का अधिकारी बताकर ठगी करता था। इसके लिए व्हाट्सएप कॉल या मैसेज कर निवेश कर मोटा लाभ कमाने का लालच दिया जाता है। एसटीएफ एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि आरोपी फर्जी वेबसाइट से लोगों को अपने झांसे में लेकर ठगी करते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी ऑनलाइन आवेदन करने से पहले वेबसाइट की जांच जरूर करें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›